राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के मुकाबले होंगे। मध्य प्रदेश पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। इसमें भारत समेत 6 देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें भी खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

प्रतियोगिता में करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। इन मुकाबलों का लाइव प्रसारण दुनिया के 166 देशों में किया जाएगा। बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग टीटी नगर स्टेडियम में अधिकारिक लोगो का अनावरण और ट्रॉफी टूर का शुभारंभ करेंगे।

फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे


19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल से ट्रॉफी टूर शुरू किया जाएगा। यह टूर प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा।

हॉकी के साथ दिखेगी जनजातीय संस्कृति

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान खेल के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी दुनिया के सामने रखी जाएगी। इसके लिए परिसर में विशेष ट्राइबल फूड और आर्ट स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोककलाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजन से प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंटर, 22 एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास

मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं। प्रदेश में 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जबकि 7 नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है। उन्होंने बताया, भोपाल को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।

महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जीते 177 पदक

मध्य प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य समेत कुल 36 पदक जीते हैं। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य समेत 141 पदक हासिल किए हैं।

प्रदेश की 3 महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की 7 महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

सलीमा टेटे करेंगी भारतीय टीम की कप्तानी

मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के लिए हॉकी इंडिया ने मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की थी। मिड फील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तानी करेंगी।

जापान में पिछले महीने हुए एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी। घरेलू मैदान पर खेलने वाली टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होगी।