टीवी की मशहूर एक्‍ट्रेस और 'बिग बॉस 16' प्रियंका चाहर चौधरी इन दिनों 'राइज एंड फॉल 2' में नजर आ रही हैं। पहले दिन से ही मुद्दों को लेकर बेबाक प्रियंका के साथ हालिया एपिसोड में कुछ ऐसा हुआ, जिसने उनके फैंस को भी परेशान कर दिया। प्रियंका चाहर चौधरी, सारा गुरपाल और सोनम मलिक के बीच शो में जमकर बहस हुई है। इस दौरान मामला इतना बढ़ गया कि प्रियंका काफी भावुक हो गईं। उन्होंने मनीष कश्‍यप के साथ बातचीत में अपना दर्द बयां किया और बताया कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे बाकी कंटेस्टेंट्स मिलकर उन्हें बुली कर रहे हैं। प्रियंका ने यह भी कहा कि बहस के दौरान जब कई लोग एकसाथ उन पर हावी होने लगे, तो उनके लिए अपनी बात रखना मुश्किल हो गया था।

शो में हुई इस बहस के बाद प्रियंका चाहर चौधरी काफी परेशान नजर आईं। मनीष ने उन्हें साथ में खाना खाने के लिए कहा, लेकिन प्रियंका ने मना कर दिया। उन्होंने बताया कि बाकी कंटेस्टेंट्स का उनसे बात करने का तरीका उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगा। इसके बाद प्रियंका ने मनीष को बताया कि बहस के दौरान उन्हें कैसा महसूस हुआ और क्यों वह इस पूरे मामले से इतनी ज्यादा आहत हो गईं।
जब कई कंटेस्टेंट्स ने एक साथ घेरा, तो परेशान हो गईं प्रियंका

बहस के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि जब कई लोग एक साथ उन्हें घेरकर अपनी बात रखने लगते हैं, तो उन्हें बोलने का मौका ही नहीं मिलता। उन्होंने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा, 'क्या कभी इन लोगों ने मिलकर आपको इस तरह घेरा है? ये हमें बोलने का मौका तक नहीं देते। जब हम बोलना शुरू करते हैं, तो ये बीच में ही बोल पड़ते हैं, ताकि हमारी बात सामने न आ सके।' प्रियंका का कहना था कि इस तरह एक साथ कई लोगों का उन पर हावी होना उन्हें परेशान कर रहा था। उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि कंटेस्टेंट्स उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दे रहे हैं और इस वजह से वह खुद को बुली होता हुआ महसूस कर रही हैं।
असल में विवाद की वजह क्या थी?

प्रियंका ने सारा पर आरोप लगाया था कि वह बहस के दौरान उनकी बातों को पर्सनल लेवल पर ले जाती हैं। वहीं, सारा का कहना था कि प्रियंका की बातों और उकसाने वाले व्यवहार की वजह से वह गुस्सा होती हैं। बाद में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी दोनों के बीच बहस हुई, जिसमें होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने सारा को पहले हुई घटना की याद दिलाई। इसके बाद सारा ने प्रियंका से माफी भी मांगी, हालांकि दोनों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।

परेशान होने के बावजूद प्रियंका चाहर चौधरी ने नहीं खोया आपा

प्रियंका ने मनीष को बताया कि बहस के दौरान वह काफी परेशान हो गई थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जानबूझकर अपनी आवाज को काबू में रखा। वह नहीं चाहती थीं कि दूसरों के सामने अपना आपा खो दें। उनके लिए उस समय अपनी बात को सही तरीके से रखना काफी मुश्किल हो रहा था, क्योंकि कई लोग एक साथ बोल रहे थे। प्रियंका ने यह भी बताया कि उस वक्त उनके मन में वहां से चले जाने का ख्याल आया था। उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, 'मैं स्टेज से ही चली जाऊंगी, वहां से निकल जाऊंगी। मुझे यहां नहीं रहना है।'

मनीष की सलाह को याद कर प्रियंका ने बताई चुप रहने की वजह

मनीष से बातचीत के दौरान प्रियंका ने उनकी उस पुरानी सलाह का भी जिक्र किया, जो उन्होंने अपनी पब्लिक इमेज को लेकर दी थी। प्रियंका ने बताया कि वह हर बात का जवाब देने के बजाय कई बार चुप रहना क्यों पसंद करती हैं। उनके मुताबिक, वह बेवजह की बहस में पड़ने के बजाय अच्छी और सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना चाहती हैं। अपनी बात रखते हुए प्रियंका ने कहा, 'मैं अच्छी बातों पर ध्यान देती हूं। आपने एक बात कही थी कि अपनी छवि हमारे अपने हाथों में होती है, इसलिए मैं चुपचाप बैठी रहती हूं।' प्रियंका की इस बातचीत से साफ नजर आया कि शो में चल रहे विवादों का उन पर भावनात्मक असर पड़ रहा है। वह अपनी छवि को लेकर भी सतर्क रहना चाहती हैं और इसी वजह से हर बात पर पलटकर जवाब देने के बजाय खुद को शांत रखने की कोशिश करती हैं।