लखीमपुर खीरी जिले में मां-बाप को इकलौते बेटे ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। पिता की सोमवार दोपहर 12 बजे लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मौत हो गई। मां का इलाज लखीमपुर में चल रहा है। वह 50 फीसदी झुलसी हैं।
घटना शनिवार रात 10 बजे की है। मां-बाप को आग लगाने के दौरान वह भी लपटों की चपेट में आया था। उसके हाथ झुलस गए थे। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया है।
अब मामला विस्तार से पढ़िए...
मामला जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर निघासन कोतवाली क्षेत्र के चखरा गांव का है। यहां बलराम शाह (60) अपनी पत्नी बैजंती (58) के साथ रहते थे। मकान के आधे हिस्से में उनका इकलौता बेटा सपालू (30) अपनी पत्नी छाया (28) के साथ रहता है।
बलराम ठेले पर चाट बेचकर परिवार का गुजारा करते थे, जबकि सपालू यूपी से बाहर मजदूरी करता है। वह एक हफ्ते पहले ही घर लौटा था। पड़ोसियों के मुताबिक, सास बैजंती और बहू छाया के बीच अक्सर झगड़ा होता था। सपालू की भी अपने माता-पिता से नहीं बनती थी।
शनिवार रात करीब 10 बजे छाया और बैजंती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान सपालू भी वहां पहुंच गया। झगड़े के बीच मां ने उसे दूर रहने के लिए कहा तो वह उनसे भी उलझ गया।
पिता को धक्का दिया, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग
सपालू को झगड़ा करते देख पिता बलराम उसे रोकने लगे। इस पर उसने पिता को धक्का दे दिया। इसके बाद गुस्से में वह बाहर खड़ी अपनी बाइक के पास गया और उससे पेट्रोल निकाल लाया। उसने छप्पर के नीचे खड़े माता-पिता पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस से आग लगा दी।
आग लगते ही दोनों चीखते हुए बचने के लिए बाहर की ओर भागे, लेकिन सपालू ने बाउंड्री पर लगे गेट को बाहर से बंद कर दिया। इस दौरान जब जलते हुए बलराम भागने लगे तो सपालू ने उन्हें फिर धक्का देकर गिरा दिया। घटना के दौरान आग की लपटों में घिरकर सपालू का हाथ भी झुलस गया।
दीवार फांदकर पहुंचे ग्रामीण
घर के अंदर से चीख-पुकार और धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा बंद होने के कारण ग्रामीण दीवार फांदकर अंदर गए। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों ने झुलसे बुजुर्ग दंपती और आरोपी सपालू को निघासन सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां बलराम की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। दो दिन इलाज चलने के बाद सोमवार दोपहर बलराम ने दम तोड़ दिया।
मरने से पहले दिया था बयान
मरने से पहले पीड़ित बलराम शाह ने रविवार को पुलिस को दिए बयान में बेटे की पूरी कहानी बताई थी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे सपालू पर हत्या का मामला दर्ज किया।
प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया-

मृतक पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे सपालू पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
लखनऊ पुलिस की 10 टीमें जिस मॉडल श्रद्धा दुबे को 9 दिनों से तलाश रही हैं, वह रविवार को पहली बार मीडिया के सामने आई। उसने कहा, ‘मैंने शिवा की हत्या नहीं की है। शिवा मेरी आंखों के सामने बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदा था।’