
भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मप्र बोर्ड 10वीं की प्रदेश टॉपर पन्ना की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी को 500 में से 499 अंक प्राप्त करने पर एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा और उनके माता-पिता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री से भेंट और आशीर्वाद प्राप्त करने प्रतिभा अपने अभिभावकों सहित मुख्यमंत्री निवास आई थी। उन्होंने प्रतिभा को लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की मूर्ति भेंट की। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रतिभा जैसी बेटियां प्रदेश की शान हैं।
प्रतिभा सिंह ने रचा इतिहास
पन्ना जिले के गुनौर स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा परिणाम घोषित होते ही पूरे गुनौर में जश्न का माहौल छा गया था।
प्रतिभा की इस ऐतिहासिक सफलता ने साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से शिखर तक पहुंचा जा सकता है।
मेरिट सूची में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी। 498 अंकों के साथ बालाघाट की अक्षरा घोडेश्वर और सीधी के अभय गुप्ता ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया था। वहीं, शहडोल के योगेंद्र सिंह परमार 497 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इस वर्ष परिणामों में अंकों का फासला बेहद कम रहा; जहां 7 विद्यार्थियों ने 497 अंक पाए, वहीं 342 छात्र 490 से 494 अंकों के बीच रहे। प्रतिभा की इस उपलब्धि ने न केवल पन्ना जिले का मान बढ़ाया, बल्कि प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का नया मानक स्थापित किया।