आज की व्यस्त जीवनशैली में कई लोगों को पूरे हफ्ते एक्सरसाइज करने का समय नहीं मिल पाता। सुबह से शाम तक ऑफिस, घर और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है। ऐसे में कुछ लोग शनिवार और रविवार को ही लंबी वर्कआउट सेशन करते हैं। इस तरीके को Weekend Warrior कहा जाता है।

लेकिन सवाल यह है कि क्या दो दिन की एक्सरसाइज से पूरे हफ्ते बैठे रहने के नुकसान की भरपाई हो सकती है? रिसर्च बताती हैं कि अगर कोई व्यक्ति सप्ताह में जरूरी मात्रा में शारीरिक गतिविधि कर लेता है, तो केवल एक-दो दिन एक्सरसाइज करने से भी कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। डॉ. अमित कुमार (इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी के प्रमुख एसोसिएट, डायरेक्टर और यूनिट हेड, सर्वोदय अस्पताल, फरीदाबाद) बताते हैं कि केवल वीकेंड पर एक्सरसाइज का मतलब यह नहीं है कि बाकी पांच दिन बिल्कुल निष्क्रिय रहना ठीक है।
क्या वीकेंड पर एक्सरसाइज करना फायदेमंद है?

डॉक्टर के अनुसार इसका जवाब हां है। अगर कोई व्यक्ति सप्ताह के बाकी दिनों में पर्याप्त फिजिकल एक्टिविटी नहीं कर पाता, लेकिन शनिवार और रविवार को नियमित रूप से एक्सरसाइज करता है, तो उसे भी स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। सप्ताह में कुल शारीरिक गतिविधि का स्तर महत्वपूर्ण है, न कि केवल यह कि व्यक्ति कितने दिनों में एक्सरसाइज करता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 से 300 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली एरोबिक गतिविधि या 75 से 150 मिनट की तेज तीव्रता वाली गतिविधि करनी चाहिए। इसके अलावा, सप्ताह में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम करने की सलाह दी जाती है।

इसका मतलब है कि यदि कोई व्यक्ति शनिवार और रविवार को अपनी एक्सरसाइज के जरिए सप्ताह के फिजिकल एक्टिविटी के टारगेट पूरा कर लेता है, तो उसे हार्ट हेल्थ, मेटाबॉलिक हेल्थ और समय से पहले मृत्यु के जोखिम को कम करने जैसे लाभ मिल सकते हैं।

क्या दो दिन की एक्सरसाइज पांच दिन की निष्क्रियता की भरपाई कर सकती है?

यहां एक महत्वपूर्ण अंतर समझना जरूरी है। वीकेंड पर एक्सरसाइज करना फायदेमंद जरूर है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि पूरे सप्ताह लगातार बैठे रहने के सभी प्रभाव खत्म हो जाते हैं। लंबे समय तक बैठने से शरीर की मांसपेशियों की गतिविधि कम हो सकती है और भोजन के बाद ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।

इसके अलावा, लगातार बैठे रहने से कमर और गर्दन में दर्द, मांसपेशियों में अकड़न और शारीरिक क्षमता में कमी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। दो दिन का व्यायाम इन सभी समस्याओं का पूर्ण समाधान नहीं है।

इसलिए वीकेंड पर दो घंटे जिम करने के साथ-साथ सप्ताह के बाकी दिनों में भी थोड़ी-थोड़ी शारीरिक गतिविधि बनाए रखना जरूरी है। उदाहरण के लिए, ऑफिस में हर 30 से 60 मिनट बाद अपनी सीट से उठना, कुछ मिनट टहलना, सीढ़ियों का इस्तेमाल करना और लंच के बाद 10 मिनट की वॉक करना मददगार हो सकता है।

वीकेंड पर अचानक ज्यादा एक्सरसाइज करना कितना सुरक्षित है?

एक और समस्या यह है कि कुछ लोग पांच दिन तक बिल्कुल व्यायाम नहीं करते और फिर शनिवार या रविवार को अचानक बहुत अधिक एक्सरसाइज करने लगते हैं। शरीर को पर्याप्त तैयारी दिए बिना अत्यधिक व्यायाम करने से मांसपेशियों में खिंचाव, जोड़ों में दर्दऔर चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है।

जो लोग लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उन्हें शुरुआत में हल्की गतिविधियों से शुरुआत करनी चाहिए। तेज चलना, साइकिल चलाना, तैराकी या हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग अच्छे विकल्प हो सकते हैं। एक्सरसाइज की अवधि और तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। उम्र, स्वास्थ्य और पहले से मौजूद बीमारियों के अनुसार व्यायाम का चुनाव करना भी जरूरी है।

क्या रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज करना बेहतर है?

सही तरीका यह है कि शारीरिक गतिविधि को पूरे सप्ताह में बांटना अधिक व्यावहारिक और टिकाऊ तरीका माना जाता है। रोजाना 20 से 30 मिनट की वॉक, हल्की स्ट्रेचिंग और सप्ताह में दो दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शरीर को सक्रिय रखने में मदद कर सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वीकेंड पर एक्सरसाइज करने वालों को पर्याप्त लाभ नहीं मिलता।

असल में, सबसे अच्छा व्यायाम वही है जिसे व्यक्ति अपनी दिनचर्या में नियमित रूप से शामिल कर सके। यदि सप्ताह के दिनों में समय नहीं मिलता, तो वीकेंड पर व्यायाम करना बिल्कुल छोड़ देने से कहीं बेहतर है। लेकिन इसे पूरे सप्ताह की निष्क्रियता का लाइसेंस नहीं समझना चाहिए। आखिरकार, फिट रहने के लिए केवल दो दिन का व्यायाम नहीं, बल्कि पूरे सप्ताह शरीर को सक्रिय रखना जरूरी है। वीकेंड की एक्सरसाइज स्वास्थ्य के लिए एक अच्छी शुरुआत हो सकती है, लेकिन छोटी-छोटी गतिविधियों को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करके इसके लाभों को और बेहतर बनाया जा सकता है।