सोनिया गांधी की संस्मरणों वाली पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी ने अपनी माँ के अपने पिता राजीव गांधी की गोद में बैठने से जुड़ी एक याद को साझा किया.

अपने माता-पिता के संबंधों से जुड़ी उन्होंने कुछ और बातें भी साझा कीं लेकिन इस एक बात की चर्चा सबसे ज़्यादा हो रही है.

भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने इसे भारतीय संस्कारों के विरुद्ध बताया है. सोशल मीडिया पर भी राहुल गांधी की इस बात की आलोचना हो रही है. हालांकि कई लोग राहुल गांधी के प्रति समर्थन भी जता रहे हैं.

इन सबके बीच राहुल ने शिव-पार्वती की प्रतिमा की तस्वीर साझा करते हुए अपना पक्ष भी रखा है. लेकिन इसको लेकर बहस जारी है और यही वजह है कि इन सबको लेकर एक सवाल यह भी उठ रहा है कि भारतीय शास्त्र, साहित्य और कला दांपत्य की दैहिक आत्मीयता को किस रूप में दर्ज करते हैं?

भारतीय चिंतन में काम चार पुरुषार्थों में एक है. धर्म, अर्थ और मोक्ष के साथ-साथ काम का स्थान मनुष्य की इच्छा और आनंद को जीवन का अभिन्न अंग मानता है. इसका अर्थ यह नहीं कि प्राचीन समाज यौन स्वतंत्रता या लैंगिक समानता के आदर्श थे

भारतीय ज्ञान परंपरा में भी सांस्कृतिक अभिलेख प्रेम और स्पर्श के ऐसे दृश्य सुरक्षित रखते हैं जिन्हें आधुनिक निषेधों के सहारे मिटाया नहीं जा सकता. किसी धार्मिक आदर्श और आम जनजीवन के बीच फ़र्क़ रखते हुए ही उनसे ऐतिहासिक निष्कर्ष निकाले जा सकते हैं.

वामांक: गोद से देवप्रतिमा तक

संस्कृत में 'अंक' का एक अर्थ गोद और 'वामांक' का अर्थ शरीर का बायाँ भाग अथवा बाईं गोद है. उमा-महेश्वर की प्रतिमाओं में पार्वती कभी शिव के वामांक पर बैठी हैं, कभी उनसे सटी हुई हैं; शिव की बाँह उनके कंधे या देह के चारों ओर है. यह शिल्परूप भारत के विभिन्न क्षेत्रों तथा नेपाल तक मिलता है.

श्रीमद्भागवत महापुराण के छठे स्कंध के सत्रहवें अध्याय में चित्रकेतु विमान से जाते हुए शिव को मुनियों की सभा में पार्वती का आलिंगन करते देखते हैं. श्लोक में शब्द हैं 'आलिङ्ग्याङ्कीकृतां देवीं बाहुना मुनिसंसदि'.

चित्रकेतु सभा में इस निकटता पर टिप्पणी करते हैं. शिव मुस्कराते हैं, लेकिन पार्वती चित्रकेतु को शाप देती हैं. कथा में आलिंगन, सार्वजनिक आपत्ति और उस आपत्ति के प्रतिरोध तीनों मौजूद हैं. चित्रकेतु आगे वृत्रासुर के रूप में जन्म लेते हैं.

कथा का धार्मिक आशय शाप, भक्ति और आत्मज्ञान से भी जुड़ा है; इसलिए इसे केवल दांपत्य आचरण की स्वीकृति का आख्यान मानना अधूरा होगा.

रामरक्षा स्तोत्र के ध्यानश्लोक में राम का वर्णन है 'वामाङ्कारूढसीतामुखकमलमिलल्लोचनम्'. सीता उनके वामांक पर हैं और उनकी दृष्टियाँ एक-दूसरे से मिलती हैं. लक्ष्मी-नारायण की कुछ प्रतिमाओं में भी लक्ष्मी विष्णु की गोद में बैठी हैं.

दांपत्य स्पर्श इन उपासना-रूपों में देवत्व के विरोध में नहीं, उसके साथ उपस्थित है. यद्यपि राम-सीता की दूसरी कथाओं में वियोग, राजधर्म और स्त्री की परीक्षा जैसे प्रसंग भी हैं. एक ही परंपरा में पारिवारिक आत्मीयता और कठोर मर्यादा साथ दर्ज हैं.

संस्कृत के विद्वान राधावल्लभ त्रिपाठी कहते हैं, "भारतीय संस्कृति और शास्त्रों में स्त्री पुरुष संबंधों विशेषकर दांपत्य भाव में बहुत बेबाकी है. कुछ भी छिपाना गलत है. चाहे शिव और पार्वती हों या राधा कृष्ण, उनके दैहिक संबंधों के चित्रण और वर्णन बहुत उन्मुक्त हैं."

वात्स्यायन: स्पर्श का शास्त्र

कामसूत्र का विषय केवल मैथुन की मुद्राएँ नहीं है. वात्स्यायन आकर्षण, परिचय, विवाह, सामाजिक व्यवहार, संगीत, शृंगार और दांपत्य का विवेचन करते हैं.

दूसरे खंड के दूसरे अध्याय में अनेक प्रकार के आलिंगन हैं. 'क्षीरनीरक' आलिंगन में प्रेमियों का मिलन की उपमा दूध और पानी के मिश्रण से दी गई है.इसमें स्त्री का पुरुष की गोद में बैठना भी वर्णित है. वात्स्यायन इस प्रकार के आलिंगन का वर्णन प्रेमियों की तीव्र आकर्षणावस्था के संदर्भ में करते हैं.

यह किताब सामाजिक असमानता से मुक्त भी नहीं है. उसमें पुरुष केंद्रित मान्यताएँ, वर्गगत विशेषाधिकार और स्त्री पर नियंत्रण के भाव मौजूद हैं. इसलिए किसी व्यवहार का शास्त्रीय वर्णन उस युग में सभी व्यक्तियों को मिली स्वतंत्रता का प्रमाण नहीं देता फिर भी स्पर्श, इच्छा और सुख की इस व्यवस्थित चर्चा से भारतीय बौद्धिक परंपरा का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष सामने आता है.