नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से शेयर बाजार में आज गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया था जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,400 से नीचे आ गया। आखिरकार सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95% गिरावट के साथ 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 198.50 अंक यानी 0.81% लुढ़ककर 24,378.10 अंक पर आ गया। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। देश की तीसरी बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल टेक के शेयरों में 11 फीसदी गिरावट आई।सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 गिरावट के साथ बंद हुए। एचसीएल का शेयर 10.76 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। इस गिरावट से कंपनी का मार्केट कैप करीब 40,000 करोड़ रुपये गिर गया। इन्फोसिस और टीसीएस में भी करीब 3 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी 1 फीसदी से भी ज्यादा लुढ़क गए। दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और इटरनल में तेजी रही।कितने शेयर चढ़े, कितने फिसले
ब्रॉडर मार्केट्स का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्सेज से बेहतर रहा। निफ्टी मिडकैप में 0.19 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 1.13 फीसदी तेजी आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा गिरावट आई। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी ऑटो में भी गिरावट रही। इस बीच रुपया 0.3% गिरावट के साथ 93.7925 रुपये पर आ गया। पिछले सत्र में यह 93.50 पर बंद हुआ था।
बाजार का हाल
- शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 757 अंक लुढ़का
- एचसीएल टेक के शेयरों में 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट
- ट्रंप ने ईरान में एकतरफा सीजफायर बढ़ाने की घोषणा की
- हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और इटरनल में तेजी
क्यों गिरा शेयर बाजार?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर को आगे बढ़ा दिया है। लेकिन साथ ही कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी जारी रहेगी। अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जे डी वेंस ईरानी प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचे थे। लेकिन ईरान ने कहा कि वह इस बातचीत में हिस्सा नहीं लेगा। इसके बाद ट्रंप ने एकतरफा सीजफायर को आगे बढ़ाने की घोषणा कर दी। लेकिन निवेशकों को आशंका है कि पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ सकते हैं।