काबुल: भारत के एक यूट्यूबर का अफगानिस्तान यात्रा का अनुभव इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस यूट्यूबर ने बताया है कि अफगानिस्तान के लोग और तालिबान लड़ाके भारतीयों की कितनी मेहमाननवाजी करते हैं। उसने एक घटना का भी उदाहरण दिया, जिसमें तालिबान लड़ाकों ने यूट्यूबर की राष्ट्रीयता भारतीय जानकर उससे टोल टैक्स लेने से इनकार कर दिया। तालिबान ने उस कार के लिए लिया गया टोल का पैसा भी वापस कर दिया।
प्रसिद्ध भारतीय ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर कैलाश मीणा (The Indo Trekker) कुछ समय पहले अफगानिस्तान यात्रा पर गए थे। उनका यह दौरा तालिबान राज में हुआ। इस दौरान उन्होंने कार से अफगानिस्तान के कई शहरों का दौरा किया, जिसमें राजधानी काबुल भी शामिल है। जब वह एक शहर से दूसरे शहर जा रहे थे, तब टोल पॉइंट पर खड़े तालिबान ने कार को रुकवाया और उससे टैक्स का पैसा लिया, लेकिन, जैसे ही उसे कार में सवार भारतीय यूट्यूबर की जानकारी मिली, तालिबान ने पैसे लेने से इनकार कर दिया।
अफगान यूजर ने शेयर किया वीडियो
तालिबान की भारतीयों के प्रति इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। अफगानिस्तान के एक एक्टिविस्ट बुरहान उद्दीन ने एक्स पर लिखा, "एक भारतीय यूट्यूबर का कहना है कि जैसे ही तालिबान ने 'भारत' का नाम सुना, उन्होंने हमारे पैसे वापस कर दिए। यह अफगान लोगों के आतिथ्य, सम्मान और उदारता का एक बेहतरीन उदाहरण है। उनके साथ हमारा कोई धार्मिक या वैचारिक संबंध नहीं है। हालांकि, भारत ने हमेशा अफगानिस्तान की मदद की है, सद्भावना दिखाई है और पाकिस्तान के विपरीत, अफगानिस्तान के आंतरिक मामलों में दखल देने से परहेज किया है।"
सोशल मीडिया पर क्या बोले भारतीय?
इसके जवाब में भारत भाई नाम के एक यूजर ने दिल की इमोजी शेयर करते हुए लिखा, "बेसब्री से इंतज़ार है कि जल्द ही अफगानिस्तान भारत का पड़ोसी बन जाए…।" एक अन्य यूजर जीतू सिंह ने लिखा, कभी अफगानिस्तान जाना चाहूंगा। वहां की पश्तून मेहमाननवाज़ी और काबुली पुलाव के बारे में बहुत कुछ सुना है!!" चानू नाम के यूजर ने लिखा, "यह प्यार इसलिए है क्योंकि यहां दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे को पूरे दिल से चाहते हैं और एक निस्वार्थ रिश्ता बनाए रखते हैं। भारतीय और अफगानी लोग एक-दूसरे का समर्थन करने और एक-दूसरे को आगे बढ़ने में मदद करने में खुशी महसूस करते हैं।"
भारत-अफगानिस्तान संबंध
भारत-अफगानिस्तान संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत हैं। 9/11 हमले के बाद अफगानिस्तान में तालिबान के पतन और नागरिक शासन के गठन में भारत ने भी बड़ी भूमिका निभाई थी। भारत ने नॉर्दन अलायंस की मदद की थी। इसके बाद स्थापित हामिद करजई और अशरफ गनी सरकार की भी खुलकर मदद की। अगस्त 2021 को काबुल पर तालिबान के कब्जे के बाद भारत ने कुछ समय के लिए अफगानिस्तान से दूरी बनाई, लेकिन बाद में तालिबान के साथ संपर्क स्थापित किया। आज भारत-तालिबान संबंध काफी मजबूत हैं। भारत लगातार तालिबान प्रशासित अफगानिस्तान की मदद कर रहा है।