कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम बनगवां में एक घर के बोरवेल से लगातार गर्म पानी निकलने का मामला सामने आया है। पिछले एक महीने से बोरवेल से इतना गर्म पानी निकल रहा है कि उसका सीधे घरेलू उपयोग करना मुश्किल हो रहा है। ठंड के मौसम में इस तरह पानी निकलने से ग्रामीण हैरान हैं। मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है।

ठंडा पानी मिलाकर करना पड़ रहा उपयोग

ग्राम बनगवां निवासी कमलेश ज्योतिषी के घर लगे बोरवेल से सुबह के समय काफी गर्म पानी निकल रहा है। कमलेश के मुताबिक, पानी इतना गर्म होता है कि नहाने और दूसरे घरेलू कामों के लिए उसमें आसपास की दूसरी बोरिंग से ठंडा पानी मिलाना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि उनके घर के ठीक बगल और आसपास के अन्य बोरवेल से सामान्य ठंडा पानी ही निकल रहा है।


थर्मामीटर में 93 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा

पानी के गर्म निकलने की वजह जानने के लिए शुक्रवार को ग्रामीणों ने थर्मामीटर से उसका तापमान जांचा। जांच में कमलेश के बोरवेल के पानी का तापमान 93 डिग्री के आंकड़े से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, आसपास के दो अन्य घरों के बोरवेल के पानी में सामान्य रीडिंग मिली। इस अंतर के कारण ग्रामीणों में घटना को लेकर जिज्ञासा और चिंता बनी हुई है।


ग्रामीणों ने वैज्ञानिक जांच की मांग की

लगातार एक महीने से गर्म पानी निकलने के कारण मकान मालिक और ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसडीएम से मामले की भूगर्भीय और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण जानना चाहते हैं कि एक ही बोरवेल से इतना गर्म पानी निकलने की वजह क्या है।

भूगर्भीय वैज्ञानिकों से संपर्क करेगा प्रशासन

जनपद पंचायत के सीईओ केके पांडे ने बताया कि यह असामान्य घटना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर स्थित भूगर्भीय और जल संसाधन विभाग के वैज्ञानिकों से पत्राचार किया जा रहा है, ताकि विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर सके।

वहीं, तहसीलदार नितिन पटेल ने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के एसडीओ मोहित तिवारी से चर्चा की गई है। उन्होंने विभागीय टीम भेजकर पानी के सैंपल लेने और गर्म पानी निकलने के कारणों का पता लगाने का आश्वासन दिया है।