जम्मू-कश्मीर में तेज सर्दी शुरू हो चुकी है। गुरुवार को श्रीनगर में -1.9°C के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात रही। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जम गई। जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में भी पानी जमने लगा है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। गुरुवार को फतेहपुर में 4.3 और एमपी के करौंदी में 6.8°C पारा रहा। दोनों राज्यों में आज से शीतलहर और बढ़ेगी।

सर्दी का असर दक्षिण भारत में भी दिखाई दे रहा है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में तापमान 9.6°C पर पहुंच गया है।

वहीं, यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल समेत उत्तर भारत के 13 राज्यों में आज घने कोहरे का अलर्ट है।


28 और 29 नवंबर का अनुमान

दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घन कोहरे का अलर्ट है।

राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में तेज हवाएं चल सकती हैं।


प्रदूषण का हाल

दिल्ली की हवा गुरुवार को लगातार 12वें दिन ‘खराब’ कैटेगरी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 224 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार ‘खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है।