गर्मियों में पानी की कमी के बीच बगीचों को हरा-भरा और साफ-सुथरा रखना बड़ी चुनौती बन जाता है। सही तकनीक से इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा उपयोग में लाकर पानी और खर्च, दोनों बचाए जा सकते हैं
लेखिका: श्रेष्ठा चटर्जी
फाउंडर और सीईओ, कोहसा एनालिटिक्स प्राइवेट लिमिटेड
गर्मियों के मौसम में पानी की कमी का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रहता। रिहायशी परिसरों, होटलों, अस्पतालों और दूसरी व्यावसायिक जगहों के सामने भी पानी की जरूरत पूरी करना बड़ी चुनौती बन जाता है। खासकर उन जगहों पर, जहाँ बगीचों को हरा-भरा और पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखना जरूरी होता है। इसके लिए हर दिन काफी पानी खर्च होता है। जब गर्मियों में पानी की उपलब्धता कम हो जाती है, तब पानी का इंतजाम करना और उसे खरीदने पर होने वाला खर्च, दोनों बढ़ जाते हैं। ऐसे में, सवाल यह है कि क्या हम इस्तेमाल किए जा चुके पानी का सही उपयोग करके इस समस्या को कम कर सकते हैं?
इंदौर ने दिखाया है कि शहर के विकास में आम लोगों की भागीदारी कितनी अहम हो सकती है। जैसे-जैसे शहर का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे पानी की जरूरत भी बढ़ रही है। यही स्थिति भोपाल, उज्जैन, देवास, ग्वालियर और मध्य प्रदेश के दूसरे शहरों की भी है। पानी के नए स्रोत तलाशना जरूरी है, लेकिन पहले से उपलब्ध पानी का बेहतर इस्तेमाल करना भी उतना ही जरूरी है।
इसका एक अच्छा तरीका है इस्तेमाल किए जा चुके पानी को साफ करके दोबारा उपयोग में लाना। घरों, होटलों, अस्पतालों और उद्योगों से निकलने वाले गंदे पानी को सिर्फ नालियों में बहा देने के बजाय सही तरीके से साफ करके बागवानी, परिसर की सफाई, अलग पाइपलाइन के जरिए टॉयलेट फ्लश करने और उद्योगों के कुछ कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। कोहसा एनालिटिक्स के सिस्टम इसी दिशा में काम करते हैं। इनकी मदद से इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा उपयोग के लायक बनाया जा सकता है, जिससे गर्मियों में भी बगीचों को हरा-भरा और परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए ताजे पानी पर निर्भरता कम होती है। इससे पानी की खरीद और सप्लाई पर होने वाला खर्च भी बचाया जा सकता है।
उदाहरण के तौर पर, किसी रिहायशी परिसर में हर दिन 1 लाख लीटर गंदा पानी निकलता है, तो 80 प्रतिशत रिकवरी की दर से करीब 80 हजार लीटर पानी दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाया जा सकता है। हालाँकि, असल में कितने पानी को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकेगा, यह पानी की गुणवत्ता और सिस्टम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। सही तरीके से बनाए और रखरखाव किए गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सिर्फ नियमों का पालन करने के लिए नहीं होते, बल्कि ये ताजे पानी की जरूरत कम करने में भी मदद कर सकते हैं। कोहसा एनालिटिक्स में हमारी कोशिश पर्यावरण से जुड़े ऐसे सिस्टम तैयार करने की है, जो रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ भरोसेमंद भी हों।
छोटी-छोटी कोशिशों से भी बच सकता है पानी
पानी बचाने के लिए हमेशा बड़े खर्च या किसी बड़ी योजना की जरूरत नहीं होती। हम घर से ही इसकी शुरुआत कर सकते हैं। नल और पानी की टंकियों में लीकेज ठीक करवाना, ब्रश करते समय नल बंद रखना, पाइप से पानी बहाने के बजाय बाल्टी का इस्तेमाल करना और फल-सब्जियां धोने के बाद उस पानी को पौधों में डालना जैसी छोटी आदतें काफी मददगार हो सकती हैं। नलों में टैप एरेटर और ड्यूल फ्लश सिस्टम लगाने से भी पानी की खपत कम की जा सकती है। हाउसिंग सोसायटी में पानी के मीटर की रीडिंग पर नजर रखकर अचानक बढ़ी खपत की वजह पता लगाई जा सकती है। साथ ही, ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल पीने के अलावा दूसरे कामों में किया जा सकता है।
बारिश के पानी का सही इस्तेमाल करें
हर घर और रिहायशी परिसर की योजना में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग को भी जगह मिलनी चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर किसी घर की छत 100 वर्ग मीटर की है और वहां सालाना 800 मिलीमीटर बारिश होती है, तो 80 प्रतिशत पानी इकट्ठा करने की क्षमता के हिसाब से करीब 64 हजार लीटर पानी जमा किया जा सकता है। इसके लिए छत पर गटर, बारिश की शुरुआत में आने वाले पानी को अलग करने की व्यवस्था, फिल्टर और पानी जमा करने के लिए टैंक या जमीन में पानी पहुँचाने का सिस्टम होना चाहिए। हर मानसून से पहले इसकी सफाई भी जरूरी है। जमीन में पानी पहुँचाने की व्यवस्था वहाँ की मिट्टी और भूजल की स्थिति को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए।
बिल्डर्स और उद्योग भी निर्माण की शुरुआत से ही बारिश के पानी को जमा करने और इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा उपयोग करने की व्यवस्था बना सकते हैं। नगर निकाय पानी की सप्लाई के दौरान होने वाली लीकेज कम कर सकते हैं, तालाबों और पुराने जल स्रोतों को सुरक्षित रख सकते हैं और बारिश के पानी की निकासी से जुड़े सिस्टम को बेहतर बना सकते हैं। इन सभी कोशिशों का बेहतर नतीजा तभी मिलेगा, जब आम लोग, कारोबारी और सरकार मिलकर काम करेंगे।
मेरा मानना है कि पानी बचाने की जिम्मेदारी किसी दूसरे की नहीं है और न ही हमें पानी की कमी होने पर ही इसके बारे में सोचना चाहिए। खासकर गर्मियों में जब पानी की जरूरत बढ़ती है और इसकी उपलब्धता कम हो जाती है, तब पानी का दोबारा इस्तेमाल एक बड़ी मदद बन सकता है। हम आज से ही इसकी शुरुआत कर सकते हैं। अगली बार कहीं नल से पानी टपकता दिखे, तो उसे ठीक करवाएँ, जरूरत न होने पर नल बंद रखें और आने वाले मानसून के लिए पहले से तैयारी करें। मध्य प्रदेश को जल सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ नए जल स्रोत तलाशना काफी नहीं है, बल्कि उपलब्ध पानी का बेहतर इस्तेमाल करना भी जरूरी है। हर बूंद कीमती है और इसे बचाने में हम सभी की भूमिका है।
पानी की रिकवरी और रेनवॉटर हार्वेस्टिंग से जुड़े आँकड़े उदाहरण के तौर पर दिए गए अनुमान हैं।