कटनी के शाहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात सुंघरा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एम्बुलेंस से कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
गांव लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सेजेहटी गांव निवासी अनिल सिंह (30), पिता करण सिंह और उस्ताज सिंह, पिता पुरान सिंह मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सुंघरा गांव के पास पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर राहगीर और स्थानीय लोग जमा हो गए। लोगों ने दोनों घायलों को सड़क से हटाया और तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से कटनी जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।