कटनी के माधव नगर स्थित समदड़िया सिटी में चल रहे लाइफ केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर एक मरीज ने बिना इलाज किए आयुष्मान कार्ड से 50,100 रुपए निकालने का आरोप लगाया है। मरीज ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को लिखित शिकायत देकर अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।
ऐसे किया फर्जीवाड़ा
अमकुही निवासी 26 वर्षीय अतुल तिवारी ने शिकायत में बताया कि मुंबई में काम के दौरान वह दो मंजिल से नीचे गिर गए थे। इससे उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ था। मुंबई के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद पैर में रॉड डाली गई थी।
अतुल ने रॉड निकलवाने के लिए 21 सितंबर 2026 को जिला चिकित्सालय कटनी में जांच कराई और फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाया। उनके मुताबिक, 23 सितंबर को उन्होंने कटनी लाइफ केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से संपर्क किया। अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती कर ऑपरेशन से रॉड निकालने का भरोसा दिया।
अतुल 23 से 29 सितंबर 2026 तक अस्पताल में भर्ती रहे। शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर को डिस्चार्ज करते समय अस्पताल ने कहा कि पैर की रॉड कहीं और से निकलवा लें, क्योंकि वहां ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे।
इसके बाद अतुल ने 5 अक्टूबर 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में संपर्क किया। जांच के बाद उन्हें 12 से 19 अक्टूबर तक भर्ती रखा गया और पैर की रॉड निकाली गई।
अतुल के मुताबिक, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज आयुष्मान कार्ड नंबर MR8AHFBYC के जरिए हुआ। वहां आयुष्मान योजना के तहत 22,500 रुपए का भुगतान लिया गया।
आरोप निराधार
इस मामले में हॉस्पिटल डायरेक्टर देवेंद्र शर्मा ने बताया है कि नियम अनुसार राशि ली गई है। लगाए गए आरोप निराधार हैं।
जांच के बाद लेंगे एक्शन
सीएचएमओ राज सिंह ठाकुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच उपरांत जो भी तथ्य आएंगे कार्रवाई की जाएगी