लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि विपक्ष सत्तारूढ़ सरकार को सत्ता से हटाने की स्थिति में है.
हैदराबाद में तेलंगाना सरकार की ओर से आयोजित, भारत समिट 2026 को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में ख़ासकर राजधानी दिल्ली में, लोगों के बीच बढ़ता असंतोष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ख़िलाफ़ राजनीतिक बदलाव का संकेत है.
उन्होंने कहा, "मैं आपको पूरे भरोसे के साथ बता सकता हूं कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने जा रहे हैं और उन्हें सत्ता से हटाने जा रहे हैं. आप इसे देख सकते हैं. आप इसे हमारी सड़कों पर देख सकते हैं, दिल्ली में देख सकते हैं. आप इसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह के डर में भी देख सकते हैं. यह अब तय हो चुका है."
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोलते हुए राजनीति और कारोबार के बीच गठजोड़ का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "आज इस देश में एक कारोबारी हैं. बीजेपी के सत्ता में आने से पहले अदानी दुनिया के 600वें सबसे अमीर व्यक्ति थे. कुछ महीने पहले वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए. वह इतने अमीर कैसे बने? राजनीति और कारोबार के गठजोड़ की वजह से. कारोबार और राजनीति के बीच, अदानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच की रेखा अब ख़त्म हो गई है."
उन्होंने आगे कहा, "इसका असर राजनीतिक फ़ंडिंग में देखा जा सकता है. अदानी की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी में भी इसका असर दिखता है. इसका नतीजा है कि एक दशक में बीजेपी की संपत्ति 11 गुना बढ़ गई."