Govt-Meta Tieup: सूचना और प्रसारण मंत्रालय (MIB), प्रसार भारती, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने ऑनलाइन घोटालों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए एक माइक्रो-ड्रामा सीरीज शुरू करने के लिए मेटा के साथ साझेदारी की है। बता दें कि इस सीरीज की घोषणा कर दी गई है। सीरीज को सबसे पहले मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रिलीज किया जाएगा। उसके बाद यह प्रसार भारती के वेव्स (Waves) OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी।
स्कैम से बचो होगी सीरीज का नाम

स्कैम से बचो नाम की यह सीरीज छोटे-छोटे वीडियो यानी माइक्रो-ड्रामा के जरिए लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी के आम तरीकों के बारे में बताएगी। इसमें फर्जी जॉब ऑफर, इन्वेस्टमेंट स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसे घोटालों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही, लोगों को संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों को पहचानने, कोई भी कदम उठाने से पहले जानकारी को कन्फर्म करने और 1930 पर नेशनल साइबरक्राइम हेल्पलाइन को कॉल करके साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।



क्रिएटर को मिलेगा बढ़ावा

यह पहल मेटा के पहले से चल रहे स्कैम से बचो अभियान का ही हिस्सा है। इसे सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर जागरूकता फिल्मों, क्रिएटर्स के कंटेंट और शैक्षिक कार्यक्रमों के जरिए चलाया जा रहा है। इस नई साझेदारी का मकसद माइक्रो-ड्रामा के जरिए इन प्रयासों को और आगे बढ़ाना है।
प्रसार भारती के CEO के अनुसार, इससे भारत की बढ़ती क्रिएटर इकॉनमी को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वेव्स OTT (Waves OTT) और प्रसार भारती का लक्ष्य माइक्रो-ड्रामा के जरिए जनहित से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।



लोगों को सुरक्षित रखने का तरीका

भारत में डिजिटल साइबर अटैक और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। आज साइबर अपराधी आम नागरिकों को ठगने के लिए फर्जी कॉल, नकली निवेश ऐप्स, केवाईसी अपडेट के नाम पर फिशिंग लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिससे हर साल लोगों को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार जानकारी और जागरूकता के अभाव के कारण पढ़े-लिखे लोग भी इन साइबर ठगों के जाल में आसानी से फंस जाते हैं। ऐसे में सरकार और टेक कंपनियों की इस तरह की पहल बेहद जरूरी हो जाती है, ताकि आम जनता समय रहते इन खतरों को पहचान सके और खुद को नुकसान से सुरक्षित रख सके।