सरकार ने कैंसर की 137 दवाओं के दाम तय कर दिए हैं और इससे इन दवाओं की कीमतों में 96.45% तक की कटौती हुई है। अब मेडिकल स्टोर पर कैंसर की दवा लेने से पहले उसके नए दाम जरूर चेक करें। इसके लिए सरकार ने Pharma Sahi Daam के नाम से ऐप पेश किया है। इस ऐप पर आप सिर्फ 30 सेकंड में कैंसर की दवाओं के नए दाम चेक कर पाएंगे।

राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण का साफ कहना है कि आपको ऐप पर दिखने वाले नए दाम के मुताबिक ही भुगतान करना होगा और अगर आपसे ज्यादा पैसे मांगे जाते हैं, तो आप ऐप से ही इसकी शिकायत कर सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि आप इस ऐप पर अन्य दवाओं के दाम भी चेक कर सकते हैं।
कैसे चेक करें नए दाम?

  1. कैंसर की दवा के दाम चेक करने के लिए आप Pharma Sahi Daam ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं या फिर nppa.gov.in पर भी जा सकते हैं।

  2. ऐप या वेबसाइट पर आपको TMR cancer drugs नाम से टैब दिखेगा, उस पर क्लिक करें।

  3. अब सर्च बार में दवा का नाम या उसके ब्रैंड का नाम डालें। इसके साथ ही स्क्रीन पर आपको नया रेट दिख जाएगा।

  4. इसके बाद संशोधित कीमत के हिसाब से ही भुगतान करें और दुकानदार से पक्का बिल लें।


हर मेडिकल स्टोर अस्पताल फार्मेसी पर लागू नियम

NPPA ने कैंसर की दवाओं के नए दाम हर मेडिकल स्टोर और अस्पताल की फार्मेसी के लिए लागू किए हैं। नियमों के मुताबिक कोई भी मेडिकल स्टोर या फार्मेसी आपसे नई कीमत से ज्यादा पैसा नहीं वसूल सकती।

इसके अलावा जब भी आप दवा खरीदें, तो यह सुनिश्चित करें कि बिल पर दवा का सही बैच नंबर और मूल्य स्पष्ट रूप से दर्ज हो, क्योंकि किसी भी विवाद में यही बिल आपके पास सबसे पुख्ता कानूनी सबूत होता है।



शिकायत कि व्यवस्था भी ऐप पर

अगर कोई आपसे इन दवाओं के लिए तय कीमत से ज्यादा मांगता है, तो आप इसी ऐप की मदद से शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। शिकायत करने का ऑप्शन आपको हर दवा की डिटेल वाले पेज पर सबसे नीचे की ओर मिल जाता है।

उस ऑप्शन पर क्लिक कर और जरूरी डिटेल्स भरकर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद ज्यादा कीमत वसूलने वाले मेडिकल स्टोर या फार्मेसी पर उचित कार्रवाई होगी। ध्यान रखने वाली बात है कि शिकायत करने के लिए आपके पास दवा का बिल होना जरूरी है।