रीवा। शहर में विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने पूरे शहर में चर्चा छेड़ दी। मामला अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 37 एमएलडी क्षमता वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का है। एक ही दिन, एक ही प्लांट और दो बार लोकार्पण! पहले कांग्रेस के महापौर अजय मिश्रा ने फीता काटा, फिर शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी उसी प्लांट का लोकार्पण करने पहुंच गए।

दरअसल, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा शाम को किया जाना प्रस्तावित था। लेकिन इससे पहले ही दोपहर में महापौर अजय मिश्रा ने एमआईसी सदस्यों और कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी में फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन कर दिया। इसके बाद शहर का राजनीतिक माहौल गर्मा गया और कांग्रेस-भाजपा के नेताओं के बीच श्रेय लेने की बहस खुलकर सामने आ गई।

महापौर ने उठाए सवाल, भाजपा पर साधा निशाना

महापौर अजय मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ही विकास कार्य का बार-बार लोकार्पण किया जा रहा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपना स्वास्थ्य विभाग छोड़कर नगर निगम के कार्यों में ज्यादा रुचि ले रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत है। महापौर ने आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। उनका सवाल था कि जब काम नगर निगम का है तो उसका लोकार्पण कोई दूसरा क्यों करेगा?

शाम को डिप्टी सीएम ने भी काटा फीता, शायराना अंदाज में दिया जवाब

दोपहर में महापौर के लोकार्पण के बाद शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे और उन्होंने विधिवत फीता काटकर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने शायराना अंदाज में अपने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा “तमाशा करने वालों को क्या पता, कितने तूफानों को पार करने के बाद हमने दिया जलाया।” उनके इस बयान को पूरे घटनाक्रम और राजनीतिक तंज के संदर्भ में देखा जा रहा है। वहीं, पूरे मामले पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कम से कम काम करने का कल्चर सभी के अंदर डबलअप हो रहा है, इसकी उन्हें खुशी है। उनके इस बयान को भी महापौर और भाजपा के बीच हुए घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

कैलाश विजयवर्गीय का काजल की कोठरी वाला बयान भी चर्चा में

कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वर्चुअली जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में कहा “काजल की कोठरी में रहना अलग बात है और कोठरी से बाहर बेदाग निकलना अलग बात है।” उनके इस बयान ने भी कार्यक्रम के राजनीतिक मायने बढ़ा दिए। हालांकि, इस टिप्पणी का संदर्भ उन्होंने अपने संबोधन में किस प्रसंग से जोड़ा, यह महत्वपूर्ण रहेगा।

विकास के नाम पर राजनीति या राजनीतिक श्रेय की होड़?

इस पूरे घटनाक्रम में नगर निगम के सभापति व्यंकटेश पाण्डेय की मौजूदगी और उनका पक्ष भी महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम के दौरान दोनों राजनीतिक खेमों के बीच जिस तरह एक ही परियोजना के लोकार्पण को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम हुए, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 37 एमएलडी क्षमता वाला यह प्लांट शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। लेकिन जिस परियोजना से जनता को पानी की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है, वह फिलहाल राजनीतिक बयानबाजी और लोकार्पण के दोहरे आयोजन को लेकर सुर्खियों में है।