जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में ओपीडी मरीजों को दवाइयां, ब्लड सैंपल देने और जांच के लिए बिल कटवाने के लिए अलग-अलग जगह नहीं भटकना पड़ेगा। इसके लिए हॉस्पिटल परिसर में ही डेडिकेटेड भवन बनाया जा रहा है। इसमें 13 विंडो और 30 बिल काउंटर होंंगे।

ये सुविधा मार्च 2027 से शुरू हो जाएगी। नई बिल्डिंग धन्वंतरी ओपीडी ब्लॉक के पास बनाई जा रही है, ताकि मरीज डॉक्टर को दिखाने के बाद बाहर निकलकर यहां आए। जांचों का बिल बनवाने के बाद यहीं ब्लड सैंपल देकर यहीं से दवाइयां लेकर घर जा सके।

अभी अलग-अलग जगह जाना पड़ता है

SMS हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया- अभी मरीजों को धन्वंतरी ओपीडी में दिखाने के बाद बिल बनवाने और ब्लड सैंपल देने के लिए अलग-अलग जगह जाना पड़ता है। इस कारण मरीजों को पूछताछ करने में समय लगता है। इस सुविधा के शुरू होने के बाद एक ही जगह ये सभी सुविधा मिलने से मरीजों को बहुत फायदा होगा और उन्हें ज्यादा चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

दवाई के लिए बनेंगी 15 विंडो

एसएमएस हॉस्पिटल प्रशासन के मुताबिक- नई बिल्डिंग में दवाई के लिए दो अलग-अलग फ्लोर पर बड़े डीडीसी सेंटर बनाए जाएंगे। हर डीडीसी सेंटर पर 15 विंडो बनेगी, जहां से हर तरह के मरीज को दवाई मिल सकेगी।

वर्तमान में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स समेत अलग-अलग विभागों की दवाईयों के लिए अलग-अलग डीडीसी सेंटर बना रखे हैं।