विभु मिश्रा, गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट और दुकानों की बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के फरार मुख्य आरोपी निखिल शर्मा उर्फ दीपक शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिटी जोन पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से ठगी की रकम से खरीदे गए करीब 38 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद हुई है। वहीं, विभिन्न बैंक खातों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की रकम सीज कराई जा चुकी है।

एडीसीपी क्राइम राज करण नय्यर ने बताया कि 27 जून 2026 को पुलिस कमिश्नरेट में कुछ निवेशकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नंदग्राम थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी ओनर्स की ओर से एक स्कीम के तहत फ्लैट बुक कराए गए थे। जब निवेशकों ने मौके पर पहुंचकर अपने फ्लैट के बारे में जानकारी ली तो संचालकों ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि न तो कंपनी को कोई रकम मिली है और न ही कोई फ्लैट बुक किया गया है।
इसके बाद पीड़ितों को पैसे या फ्लैट देने के बजाय कूटरचित दस्तावेज थमा दिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआईटी (SIT) का गठन किया। जांच में सामने आया कि 'एएसआर रियलटेक लिमिटेड' और 'राइट अर्थ इन्फ्रा लिमिटेड एलएलपी' नाम से दो कंपनियां रजिस्टर कर संगठित तरीके से धोखाधड़ी की जा रही थी।

फर्जी खातों में डायवर्ट करता था ठगी की रकम

एडीसीपी क्राइम के मुताबिक, डीसीपी सिटी और उनकी टीम ने मुख्य आरोपी निखिल शर्मा उर्फ दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। जांच में पता चला कि वह 'राइट अर्थ इंफ्रा एलएलपी' और अन्य बैंक खातों के माध्यम से निवेशकों से रकम वसूलता था।
मुख्य बैंक खातों में रकम का कोई सुराग न रहे, इसके लिए आरोपी ठगी के पैसों को अलग-अलग फर्जी खातों में डायवर्ट कर देता था। इसके बाद स्थानीय ज्वैलर्स के माध्यम से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और अन्य वस्तुएं खरीदता था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 38 लाख रुपये के गहने और नकदी बरामद की है। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये सीज कराए गए हैं।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 12 आरोपी

इस मामले में एसआईटी पहले ही 12 आरोपियों संदीप गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, आर्यन गुप्ता, सुरभि शर्मा, मानसी प्रकाश, सारिका शर्मा, अंकुर सिंघल, शिवानी, विपिन शर्मा, जगदीश ग्रोवर, हनी गिल और प्रेम गिल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

शुरुआत में कंपनियों के मुख्य मालिकों ने इस फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता से इनकार किया था। हालांकि, एसआईटी की वित्तीय लेनदेन की जांच में कंपनियों के मालिकों के साथ उनके परिजनों की भी कथित आपराधिक साजिश में भागीदारी के ठोस प्रमाण मिले हैं।

35 से 40 निवेशक आए सामने, 40 करोड़ की ठगी स्थापित

पुलिस के मुताबिक, अब तक 35 से 40 निवेशक सामने आकर शिकायत दर्ज करा चुके हैं। विवेचना में कुल 40 करोड़ रुपये की ठगी स्थापित हुई है। एडीसीपी क्राइम ने बताया कि आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पड़ोसी राज्यों में भी उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कठोर कार्रवाई कर रही है।

पीड़ितों ने फरार आरोपियों पर धमकाने का लगाया आरोप

उधर, ठगी के शिकार पीड़ित नितिन शर्मा ने आरोप लगाया है कि गिरोह के फरार आरोपी संजय सांगवान और नितिन सिंघल जमानत की सुनवाई के दौरान अदालत परिसर और उसके बाहर पीड़ितों का पीछा कर उन्हें धमका रहे हैं।

पीड़ितों ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने, आरोपियों की संपत्तियां जब्त करने और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।