कटनी के झिंझरी स्थित जिला पुलिस मुख्यालय के शहीद स्मारक पर मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
पिछले एक साल में शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने पिछले एक साल में शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े। इसके बाद परेड दल ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और स्मृति परेड निकालकर सलामी दी।
13 शहीद परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम में सेवाकाल के दौरान कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जिले के 13 पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट किए।
सम्मानित शहीद पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक श्रवण, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, श्रीराम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी और अवधेश दुबे शामिल हैं।
इनके अलावा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट के परिजनों का भी सम्मान किया गया।
कलेक्टर और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन और अशोक विश्वकर्मा मौजूद रहे।
इनके अलावा एसडीएम जितेंद्र पटेल, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, आकांक्षा चतुर्वेदी और रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित पुलिस बल और आम नागरिक शामिल हुए।
21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स इलाके में चीनी सेना के हमले में भारत के 10 पुलिस जवान शहीद हुए थे। उन्हीं जवानों और देशभर में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों की याद में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।