भोपाल: मध्य प्रदेश में फाइनल मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद वोटर्स की संख्या में वृद्धि हुई है। इस साल फरवरी में 'विशेष सघन पुनरीक्षण' (SIR) के बाद फाइनल मतदाता सूची जारी की गई थी। मध्य प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में लगभग 8.9 लाख की वृद्धि हुई है। 12 नवंबर को जारी मसौदा वोटर लिस्ट (ड्राफ्ट रोल) के अनुसार, अब कुल मतदाताओं की संख्या 5.48 करोड़ हो गई है।
नौ महीने में 8 लाख मतदाता जुड़े
पिछले साल हुए विवादित 'विशेष सघन पुनरीक्षण' (SIR) के बाद राज्य में मतदाता सूची का यह पहला बड़ा पुनरीक्षण है। 21 फरवरी को जब अंतिम SIR मतदाता सूची जारी की गई थी, तब राज्य में 5,39,81,065 मतदाता थे। अब कुल मतदाताओं की संख्या 5,48,71,158 है। नौ महीने से भी कम समय में 8,90,093 नए मतदाता जुड़े हैं।
बीजेपी ने किया था SIR का बचाव
लगभग दो दशकों के बाद किए गए इस SIR के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटा दिए गए थे, जिससे राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। कांग्रेस ने पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर बार-बार चिंता जताई और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा ने इस कवायद का बचाव करते हुए कहा कि मृत, दूसरी जगह चले गए, अनुपस्थित और डुप्लिकेट मतदाताओं को सूची से हटाने के लिए यह जरूरी था।
कितने मतदाता हैं
23 दिसंबर, 2025 को जारी SIR मसौदा सूची से लगभग 42.7 लाख नाम हटा दिए गए थे। दावों और आपत्तियों के बाद, 8.49 लाख मतदाताओं को वापस सूची में शामिल किया गया, जबकि 21 फरवरी को जारी अंतिम सूची में कुल 34.25 लाख मतदाताओं के नाम कम हो गए थे। 12 नवंबर को जारी मसौदा सूची में 5,47,99,628 सामान्य मतदाता और 71,530 सर्विस वोटर शामिल हैं। सामान्य मतदाताओं में 2,82,85,144 पुरुष, 2,65,13,547 महिलाएं और 937 थर्ड-जेंडर मतदाता हैं।
4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी फाइनल लिस्ट
'विशेष सारांश पुनरीक्षण' (SSR) प्रक्रिया पात्र वोटर्स को अपना नाम दर्ज कराने, सुधार करवाने और आपत्तियां उठाने का अवसर दिया जा रहा है। दावे और आपत्तियां 11 दिसंबर तक जमा की जा सकती हैं। 21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।